Dr Amit Kumar Sharma

लेखक -डा० अमित कुमार शर्मा
समाजशास्त्र विभाग, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली - 110067

स्वधर्म: गांधीवादी दृष्टि

स्वधर्म: गांधीवादी दृष्टि

पेज 1

स्वधर्म स्वाभाविक होता है, सहज होता है। जीव के जन्म के साथ उसके स्वधर्म का जन्म भी होता है। स्वधर्म किसी को खोजना नहीं पड़ता। वह सहज ही स्वाभाविक रूप से मनुष्य को प्राप्त होता है। स्वधर्म का संबंध वृत्तियों से है। हर जीव की स्वाभाविक वृत्तियां होती हैं। उसे खोजने कहीं जाना नहीं पड़ता। वह अपने आप जीव के पास आ जाती है।
इसी स्वधर्म के आधार पर भारतीय संस्कृति में पारंपरिक वर्ण व्यवस्था का विकास हुआ है। इसके आदर्श रूप में स्वाभाविकता और धर्म दोनों हैं। जो व्यवसाय पुरखों के समय से चला आया है, वह यदि नीति - विरूध्द न हो तो उसी को करना, उसी उद्योग को आगे चलाना चातुर्वर्ण की एक विशेषता है। यह वर्ण - व्यवस्था आज अस्त - व्यस्त हो गयी है। उसका पालन आज बहुत कठिन हो गया है। आज शुरू के पचीस - तीस साल तो नये धन्धे सीखने में ही चले जाते हैं। काम सीख लेने पर फिर मनुष्य अपने लिए सेवा क्षेत्र, कार्य क्षेत्र खोजता है। इस तरह शुरू के पचीस साल तो वह सीखता ही रहता है। इस शिक्षा का उसके जीवन से कोई संबंध नहीं रहता। वह मानता है कि वह भावी जीवन की तैयारी कर रहा है। शिक्षा प्राप्त करते समय मानो वह जीता ही न हो। जीना बाद में है। मानो जीना और सीखना ये दोनों चीजें अलग - अलग कर दी गयी हों। जिसका जीने के साथ संबंध नहीं, उसे मरना ही तो कहेंगे। इस तरह नया काम - धन्धा सीखने में ही पचीस - तीस वर्ष व्यर्थ हो जाते हैं। इससे उमंग और महत्व के वर्ष व्यर्थ चले जाते हैं। जो उत्साह, जो उमंग जन - सेवा में खर्च करके जीवन सार्थक किया जा सकता है, वह यों ही व्यर्थ चला जाता है। जीवन कोई खेल नहीं है। परन्तु आजकल जीवन का पहला अमूल्य अंश तो जीवन का काम - धन्धा खोजने में ही चला जाता है। हिन्दू धर्म ने इसीलिए वर्णाश्रम धर्म और बुनियादी शिक्षा की युक्ति निकाली है। इसका  यह अर्थ नहीं है कि वर्णाश्रम धर्म में वंश परंपरा से चला आया व्यवसाय करने की ही वाध्यता है। भारतीय परंपरा में प्रयोग की भी भरपूर गुंजायश है। गौतम बुध्द और महात्मा गांधी ने वंश परंपरा के साथ गुरू परंपरा और स्वगुण के आधार पर प्रयोग की इजाजत दी है। मूल प्रश्न यह है कि जीना और सीखना अलग - अलग नहीं होना चाहिए। हमें ऐसा व्यवसाय चुनना चाहिए जो जीवन यापन के साधन के साथ -साथ सृजनकारी और मुक्तिदायी दोनों हो। जो आत्म परिष्कार और ब्रहम उपासना दोनों का साधन हो। जब हम स्वधर्म में मग्न रहते हैं, तो रजोगुण फीका पड़ जाता है, क्योंकि तब चित्त एकाग्र होता है। चित्त स्वधर्म छोड़कर कहीं जाता ही नहीं। इससे चंचल रजोगुण का सारा जोर ही ढ़ीला पड़ जाता है। जब नदी शांत और गहरी होती है, तो कितना ही पानी उसमें बढ़ आये, तो भी वह उसे अपने पेट में समा लेती है। इसी तरह स्वधर्म रूपी नदी मनुष्य का सारा बल, सारा वेग, सारी शक्ति अपने भीतर समा लेती है। स्वधर्म में पूरी शक्ति लगाने पर रजोगुण की दौड़ धूप वाली वृत्ति समाप्त हो जाती है। रजोगुण की चंचलता को जीतने की यही सनातनी रीति है। रज - तम का तो पूर्ण उच्छेद करना आत्म परिष्कार के लिए आवश्यक है। रजोगुण और तमोगुण के चले जाने पर शुध्द सत्वगुण रह जाता है। जब तक हमारा शरीर कायम है, तब तक हमें किसी न किसी भूमिका में रहना ही पड़ेगा। जब सत्वगुण का अभिमान हो जाता है, तब वह आत्मा को अपने शुध्द स्वरूप से नीचे खींच लाता है। सत्वगुण पर विजय पाने का अर्थ यह है कि उसके प्रति हमारा अभिमान, हमारी आसक्ति हट जाय। सत्वगुण को निरहंकारी बना देना चाहिए। इसके लिए सत्वगुण को हम अपने अन्दर स्थिर कर लें। सातत्य से उसका अभिमान चला जाता है। सत्वगुण युक्त कर्मों को ही हम सतत करते रहें। उसे अपना स्वभाव ही बनायें। जो बात स्वाभाविक है, उसका हमें अहंकार नहीं होता। सत्वगुण को निस्तेज करने की यह एक युक्ति है। दूसरी युक्ति है, सत्वगुण की आसक्ति भी छोड़ देना। इसके लिए पहले अहंकार को जीतना चाहिए। फिर आसक्ति को जीतने की कोशिश करनी चाहिए। सातत्य से अहंकार जीत सकते है। फलासक्ति को छोड़कर सत्वगुण से प्राप्त फल को भी ईश्वरार्पण करने से आसक्ति पर विजय प्राप्त की जा सकती है। जीवन में सत्वगुण स्थिर हो जाता है, तब कभी सिध्दि के रूप में या कभी कीर्ति के रूप में फल सामने आता है। परन्तु उस फल को भी तुच्छ मानकर, उसको भी त्यागकर आप मुक्ति के अधिकारी बन सकते हैं।

इसके लिए आत्मज्ञान और भक्ति का आश्रय लेना चाहिए। इसके बिना सांसारिक माया से पार पाना कठिन है। खासकर वैश्वीकरण, उदारीकरण और उपभोक्तावाद के इस देहवादी समय में। आत्म - ज्ञान की प्राप्ति केवल निवृत्ति मार्गियों के लिए आवश्यक नहीं है। प्रवृत्ति मार्गी भी इससे उतना ही लाभ प्राप्त कर सकते हैं। प्रवृत्ति मार्गी के पुरूषार्थ में भी वही चारो पुरूषार्थ आते हैं - धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष। निवृत्ति मार्गी के मार्ग में भी यही चारो पुरूषार्थ आते हैं। अंतर केवल इतना है कि प्रवृत्ति मार्गी अर्थ और काम में रस लेता हैं और निवृत्तिा मार्गी इन्हें मुक्ति के लिए विचलन या चुनौती मानता है। निवृत्ति मार्गी ब्रहमचर्य आश्रम से सीधे सन्यास आश्रम में जाना चाहता है। यह श्रमण परंपरा कहलाता है। वह उत्कट साधना से जल्दी मुक्त होना चाहता है। लेकिन उत्कट साधना में मूलत: वह आत्मज्ञान के आधार पर अर्थ और काम की प्रवृत्ति को ही दृढ़ता पूर्वक जीतने के लिए लगा रहता है। उसकी साधना कठोर और अस्वभाविक जिद पर आधारित होती है। यह रास्ता सबके लिए नहीं है। यह जैन मुनियों और बौध्द भिक्षुओं तथा नाथपंथी नागा संन्यासियों का मार्ग है। दूसरी ओर वैदिक परंपरा को मानने वाले आम नर - नारी वर्णाश्रम व्यवस्था के क्रमिक मुक्ति का स्वाभाविक एवं सहज प्रवृत्ति मार्ग चुनते हैं। इसमें चार आश्रमों में धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष पाने का पुरूषार्थ प्रवृत्तियों को संतृप्त करके प्राप्त करने की कोशिश की जाती है।

 

  डा० अमित कुमार शर्मा के अन्य लेख अगला पेज

top